Buy Advt. Space

बस्तर दशहरा के लिए मांझी-चालकी, गायता-पुजारी और पटेल को वितरित किए गए पारंपरिक वस्त्र

By

विधायक लता उसेंडी ने कहा—आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए कोण्डागांव जिले के मांझी-चालकी, गायता-पुजारी, मेंबर-मेम्बरीन एवं पटेल को पारंपरिक वस्त्र-परिधान प्रदान किए गए। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना और नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल सहित अन्य अतिथियों ने पारंपरिक पदाधिकारियों को वस्त्र वितरित किए।

बस्तर दशहरा आदिवासी संस्कृति और विरासत का प्रतीक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि बस्तर दशहरा वर्षों पुरानी परंपरा और समृद्ध आदिवासी संस्कृति का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ता है। समय के साथ बदलाव स्वाभाविक है, लेकिन अपनी संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों को सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने सभी को बस्तर दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ नई पीढ़ी को भी अपनी परंपराओं से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि हमारी सांस्कृतिक पहचान निरंतर समृद्ध होती रहे।

पांच करोड़ रुपये की लागत से बनेगा आदिवासी संस्कृति संग्रहालय

विधायक लता उसेंडी ने बताया कि कोण्डागांव में पांच करोड़ रुपये की लागत से आदिवासी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा। यह संग्रहालय जिले और बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, नई पीढ़ी को आदिवासी परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक पहचान को जानने-समझने का अवसर मिलेगा।

जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने पारंपरिक पदाधिकारियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित होने की कामना की।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर श्री अशोक ब्रह्मजी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री कृपेन्द्र तिवारी, श्री निर्मल शार्दुल सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए मांझी-चालकी, गायता-पुजारी, मेंबर-मेम्बरीन एवं पटेल उपस्थित रहे।

Leave a Comment