पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले शासकीय योजनाओं का लाभ, लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने पर जोर
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विभागीय कार्यों की प्रगति तथा हितग्राहियों को लाभान्वित करने की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।
डिजिटल क्रॉप सर्वे और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर जोर
बैठक में कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं भौतिक सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों के नोडल अधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य में प्रगति लाने को कहा।
इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए सभी पात्र किसानों को योजना का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने धान उपार्जन के लिए स्वीकृत नवीन केंद्रों के संचालन हेतु उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन करने तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय में पूरी करने को कहा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों से जुड़े कार्यों में गंभीरता से पहल करने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक अपडेट और अपार आईडी निर्माण में तेजी
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट तथा अपार आईडी निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
आयुष्मान और वय वंदना कार्ड निर्माण की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड निर्माण तथा टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के लंबित प्रकरणों का होगा निराकरण
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए बैंक एवं अन्य स्तरों पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र आवेदकों को योजना का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का निराकरण सुनिश्चित करें।
निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
बैठक में स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख पत्रों के वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने महाविद्यालय भवन, छात्रावास भवन, आंगनबाड़ी भवन एवं ग्रंथालय भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।








