विधायक लता उसेंडी ने दी विकास कार्यों की सौगात, रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने बुधवार को माकड़ी में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात देते हुए माकड़ी में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया।
गारमेंट फैक्ट्री से 150 महिलाओं को मिलेगा रोजगार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा कार्य पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में माकड़ी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में रोजगार के संसाधनों को बढ़ाने के लिए कोंडागांव में स्थापित गारमेंट फैक्ट्री की तर्ज पर माकड़ी में भी गारमेंट फैक्ट्री स्थापित की जा रही है। फैक्ट्री के शुरू होने से क्षेत्र की लगभग 150 महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर
विधायक ने कहा कि माकड़ी क्षेत्र में सड़क, आवास, रोजगार सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जिले में जल्द ही सब्जी मंडी की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि माकड़ी विकासखंड के ग्राम तितना में नर्सरी विकसित करने की कार्ययोजना भी शुरू की जा रही है। इससे क्षेत्र के किसानों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस
लता उसेंडी ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी और महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिनों के रोजगार का प्रावधान किया गया है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
माकड़ी को रोजगार हब बनाने की दिशा में प्रयास
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि माकड़ी को रोजगार हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में गारमेंट फैक्ट्री के निर्माण का भूमिपूजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि फैक्ट्री के संचालन से क्षेत्र की महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
81.46 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान माकड़ी विकासखंड में कुल 81.46 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें प्रमुख रूप से—
- बुढ़ासागर तालाब सौंदर्यीकरण निर्माण कार्य — 21 लाख रुपये
- गारमेंट फैक्ट्री निर्माण कार्य — 48.66 लाख रुपये
- 300 मीटर सीसी सड़क निर्माण — 7.80 लाख रुपये
- बंजारा समाज के पास रोड निर्माण कार्य — 3 लाख रुपये
शामिल हैं।
आंगनबाड़ी भवन और सीसी सड़क की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान विधायक लता उसेंडी ने प्लाट पारा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए 12 लाख रुपये तथा मुख्य मार्ग से नयापारा तक सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 50 लखपति दीदियों का सम्मान भी किया गया।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष जुगबति पोयाम, जिला पंचायत सदस्य भगवती नेताम, नंदलाल राठौर, सरपंच रुक्मणी पोयाम, चंदन साहू, अनिल अग्रवाल, दीपेंद्र नाग, अनीता नेताम, जनपद सदस्य पूजा शर्मा, वीरेन्द्र प्रधान सहित जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अश्वन पुसाम, जनपद पंचायत सीईओ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








