Buy Advt. Space

मोहपाल सरपंच मंगल सिंह मरकाम हत्याकांड का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

By

पूर्व रंजिश के चलते पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत की गई हत्या, डंडा और लोहे का रॉड बरामद

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहपाल के सरपंच मंगल सिंह मरकाम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूर्व रंजिश के चलते पूर्व नियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। हत्या में प्रयुक्त डंडा और लोहे का रॉड भी बरामद किया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा

30 सितंबर 2026 को सुबह करीब 8:30 बजे सीएचसी फरसगांव से बड़ेडोंगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मोहपाल के वर्तमान सरपंच मंगल सिंह मरकाम के साथ अज्ञात लोगों ने मारपीट की है और उनकी मौत हो गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी फरसगांव श्री अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में एफएसएल टीम, साइबर टीम, थाना बड़ेडोंगर और रक्षित केंद्र कोण्डागांव का पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर थी पुरानी रंजिश

पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान संदेही मिट्ठू राम नेताम से गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि सरपंच मंगल सिंह मरकाम को लेकर आरोपी परिवार की एक महिला से कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर आरोपियों में पूर्व से रंजिश थी।

इसी रंजिश के चलते मिट्ठू राम नेताम सहित सात आरोपियों ने कथित तौर पर सरपंच की हत्या की योजना बनाई।

जंगल और नदी किनारे घात लगाकर बैठे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को सरपंच के आने की सूचना मिलने पर सभी आरोपी पगडंडी मार्ग और नदी किनारे जंगल में घात लगाकर बैठ गए। सरपंच के पहुंचने पर आरोपियों ने उन्हें पकड़कर हाथ, थप्पड़, चप्पल, लोहे के रॉड और डंडे से मारपीट की।

इसके बाद आरोपियों ने सरपंच के हाथ बांध दिए और उन्हें घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढंक दिया।

रातभर मौके पर रहे आरोपी, सुबह हुए फरार

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सड़क किनारे आग जलाई और रातभर वहीं मौजूद रहे। सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

सुबह परिजनों ने सरपंच को घायल अवस्था में उपचार के लिए सीएचसी फरसगांव पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हत्या का मामला दर्ज, हथियार बरामद

घटना के संबंध में थाना बड़ेडोंगर में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान धारा 61(2)(क) और 191(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।

आरोपी मिट्ठू राम नेताम के मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने डंडा और लोहे का रॉड बरामद किया है।

सातों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मिट्ठू राम नेताम (45), श्रवण कुमार नेताम (20), अमित कुमार नेताम (20), लखन नेताम (25), नवलू वट्टी (28), राकेश मण्डावी (21) और प्रभु लाल नेताम (20) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम मोहपाल, थाना बड़ेडोंगर, जिला कोण्डागांव के निवासी बताए गए हैं।

सभी आरोपियों को 1 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

प्रकरण की विवेचना और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सोरी, सउनि जगजीत कवाची, थाना बड़ेडोंगर के पुलिसकर्मियों, साइबर टीम कोण्डागांव तथा रक्षित केंद्र कोण्डागांव के बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment