ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने बुधवार को जिले में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने जिला अस्पताल चिखलपुटी में 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शेड तथा एनसीसी मैदान के समीप खिलाड़ियों की सुविधा के लिए टेबल टेनिस कोर्ट निर्माण का भूमिपूजन किया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर
विधायक लता उसेण्डी ने कहा कि कोण्डागांव में खेल सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के खिलाड़ी एशियन गेम्स सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। कबड्डी और तीरंदाजी जैसे खेलों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
उन्होंने जिले के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने वाले खिलाड़ी राज्य और देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि कोण्डागांव के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले की पहचान बनाएंगे।
पर्यावरण और स्वच्छता का दिया संदेश
विधायक ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत घरों में पौधे लगाने तथा सार्वजनिक स्थलों और भवनों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छ आदतों को अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की बात कही।
खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि विधायक लता उसेण्डी के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में टेबल टेनिस कोर्ट का निर्माण महत्वपूर्ण पहल है। जिले के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर कोण्डागांव का नाम रोशन किया है।
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि टेबल टेनिस कोर्ट एवं भवन के निर्माण से जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि कोण्डागांव खेल गतिविधियों के लिए बेहतर केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां से प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री सेवक राम नेताम, तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा, श्री मनोज जैन, श्री जितेन्द्र सुराना, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनिता कोर्राम, श्री कुलवंत सिंह चहल, श्री गोपाल दीक्षित, श्री अश्वनी पाण्डे, श्री संतोष पात्रे, श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, श्री ललित देवांगन तथा टेबल टेनिस संघ कोण्डागांव के अध्यक्ष श्री आर.के. जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अजय उरांव, तहसीलदार श्री मनोज रावटे, सिविल सर्जन डॉ. पी.एल. मण्डावी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उत्तम महोबिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।








