कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने अधिकारियों को दिए सफल आयोजन के निर्देश
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कोण्डागांव जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर
अभियान के दौरान केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और उन्हें शासकीय सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने जिला कार्यालय में आयोजित समय-सीमा की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने तथा गतिविधियों का समयबद्ध एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा अभियान का शुभारंभ
अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें दीप प्रज्वलन के माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया जाएगा।
वहीं ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत 17 सितंबर से 07 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके माध्यम से बच्चों की कल्पनाओं में विकसित भारत के सपने को परिवारों तक पहुंचाया जाएगा।
आंगनबाड़ी सम्मान और मातृ संवाद कार्यक्रम
‘आंगन का उत्सव’ पहल के अंतर्गत 25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा ‘कहानी बदलाव की’ पहल के माध्यम से शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी।
जल संरक्षण और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां
पूरे अभियान के दौरान ‘जल जन सेवा संकल्प’ गतिविधि आयोजित की जाएगी। वहीं ‘सेवा-मेरा योगदान’ के अंतर्गत 25 विभिन्न सेवा गतिविधियों के साथ नदी-घाट स्वच्छता सहित जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां संचालित होंगी।
‘सरकार आपके द्वार’ के तहत लगेंगे शिविर
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक 100 प्रमुख स्थलों पर ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटकों का आयोजन होगा। अभियान अवधि में 03 से 04 दिवसीय ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ भी आयोजित की जाएगी।
07 और 17 अक्टूबर को होंगे विशेष आयोजन
अभियान के तहत 07 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित होगी। इसके अलावा निर्धारित दिवस पर ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ तथा 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट तक’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अधिकारियों को समयबद्ध तैयारी के निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने अभियान की सभी गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम कोंडागांव श्री अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








