ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशों के तहत ग्राम पंचायत तोतर में ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यह पहल प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव श्री खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन तथा सचिव सुश्री गायत्री साय के नेतृत्व में संचालित 60 दिवसीय मेगा ड्राइव नालसा योजना 2026 के अंतर्गत की जा रही है।
डोर-टू-डोर संपर्क अभियान से समझी जा रही समस्याएं
26 अगस्त 2026 से प्रतिधारक अधिवक्ता श्री सुरेंद्र भट्ट तथा अधिकार मित्र रंजन कुमार बैध और लोकेश कुमार यादव द्वारा ग्राम पंचायत तोतर में लगातार डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनके पारिवारिक विवाद, भूमि संबंधी मामले, शासकीय योजनाओं के लाभ और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी एकत्र की जा रही है।
आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए निःशुल्क न्याय
अभियान के दौरान ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया जा रहा है कि आर्थिक तंगी न्याय पाने के रास्ते में बाधा न बने, इसके लिए शासन द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे छोटे-बड़े विवादों को समय रहते उचित विधिक सलाह से सुलझाएं और किसी भी कानूनी समस्या के समाधान के लिए लीगल एड क्लीनिक से निसंकोच संपर्क करें।
अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का संकल्प
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच को सुलभ बनाना है, ताकि जानकारी या संसाधनों के अभाव में कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे। तोतर ग्राम पंचायत में लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता उपलब्ध कराने का यह प्रयास लगातार जारी रहेगा।








