Buy Advt. Space

लोहे की रॉड से प्राणघातक हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

By

त्वरित कार्रवाई करते हुए कोण्डागांव पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, थाना कोण्डागांव क्षेत्र में लोहे की रॉड से प्राणघातक हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

नीलकंठ कोर्राम के घर के पास हुआ विवाद

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजकमल सागर, निवासी भेलावापदर पारा, कोण्डागांव ने 5 सितंबर 2026 को थाना कोण्डागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

प्रार्थी ने बताया कि वह सुबह करीब 10 बजे नीलकंठ कोर्राम के घर के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान जितेन्द्र नेताम और अंकित कोर्राम वहां पहुंचे और विवाद करते हुए उसके साथ झगड़ा करने लगे।

लोहे की रॉड से सिर पर किया गया हमला

विवाद के दौरान आरोपियों द्वारा प्रार्थी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, जितेन्द्र नेताम ने प्रार्थी को पकड़ लिया, जबकि अंकित कोर्राम ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया

हमले में प्रार्थी के सिर पर गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 277/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 109 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित हुई संयुक्त टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के निर्देश पर कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा एवं एसडीओपी कोण्डागांव श्री एश्वर्य कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में थाना कोण्डागांव एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त रॉड बरामद

पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में जितेन्द्र नेताम (30 वर्ष) एवं अंकित कोर्राम (32 वर्ष) शामिल हैं, जो दोनों भेलावापदर पारा, कोण्डागांव के निवासी हैं।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना कारित करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है।

न्यायालय ने भेजा न्यायिक रिमांड पर

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया

पुलिस टीम का विशेष योगदान

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सउनि लखन यादव, प्र.आर. अशोक मरकाम, आरक्षक अरुण नेताम, प्रमोद नेताम तथा साइबर सेल प्रभारी प्रशांत जुर्जी, संतोष कोर्राम, शंकर उसेंडी एवं चंदन सोरी का विशेष योगदान रहा।

Leave a Comment