Buy Advt. Space

वनमंडल स्तरीय वन महोत्सव में मंत्री केदार कश्यप ने किया पौधरोपण

By

पर्यावरण संरक्षण और अधिक वृक्षारोपण का दिलाया संकल्प

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, जिले में विकास एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को विकासखंड बड़ेराजपुर के ग्राम पंचायत बीरापारा अंतर्गत ग्राम बावनपुरी, विश्रामपुरी में वनमंडल स्तरीय वन महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वन परिक्षेत्र बड़ेराजपुर-विश्रामपुरी एवं वनमंडल केशकाल द्वारा किया गया।

मैंदा प्रजाति का पौधा लगाकर किया वन महोत्सव का शुभारंभ

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने मैंदा प्रजाति के पौधे का रोपण कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया। पौधारोपण कार्यक्रम वन विभाग, विकसित भारत जीरामजी एवं भारतमाला परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने “हमारा संकल्प – एक पेड़, एक जीवन; हरित भारत, स्वस्थ भारत” की शपथ ली। सभी ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

पेड़ों को राखी बांधकर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

वन महोत्सव के दौरान पेड़ों को राखी बांधकर प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने और वृक्षों की कटाई रोकने के लिए सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया।

बच्चों के भविष्य के लिए हरा-भरा वातावरण जरूरी: केदार कश्यप

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि क्षेत्र को हरा-भरा बनाना बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि केशकाल विधानसभा क्षेत्र के सभी शासकीय संस्थानों में ग्रीन बाउंड्री विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने और पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील

मंत्री श्री कश्यप ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए नागरिकों से अपनी मां एवं परिवार के नाम पर पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप वन विभाग वन संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में बेहतर कार्य कर रहा है और प्रदेश में वन क्षेत्र के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में आम नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

वृक्षों की कटाई रोकने और वनोपज से जुड़ने का आह्वान

वन मंत्री ने नागरिकों से वृक्षों की कटाई रोकने तथा अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को लघु वनोपजों के संग्रहण एवं प्रसंस्करण से मिलने वाले लाभों का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नागरिकों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तीर्थ यात्रा योजना एवं रामलला दर्शन योजना के माध्यम से नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

हितग्राहियों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिली प्रोत्साहन राशि

कार्यक्रम के दौरान राज मोहिनी देवी अनुदान योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए। प्रतिभाशाली छात्रवृत्ति योजना के तहत छह छात्राओं को कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।

इसके अलावा वर्ष 2026 में सर्वाधिक तेंदूपत्ता संग्रहण करने वाले तीन संग्राहकों को 1 लाख 31 हजार रुपये तथा वर्ष 2023 के तीन संग्राहकों को 48 हजार 606 रुपये के चेक प्रदान किए गए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों और कर्मचारियों का सम्मान

वनों के संवर्धन एवं संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 8 संयुक्त वन प्रबंधन समितियों तथा 11 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से वन संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया गया।

जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और ग्रामीण रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी, नगर पंचायत केशकाल अध्यक्ष श्री बिहारी लाल शोरी, जनपद पंचायत केशकाल अध्यक्ष श्रीमती नंदनी पोटाई, पूर्व विधायक श्री सेवक राम नेताम, ग्राम पंचायत बीरापारा-विश्रामपुरी की सरपंच श्रीमती राधा मरकाम, जनपद पंचायत बड़ेराजपुर अध्यक्ष श्री सुकमन नेताम, जनपद पंचायत फरसगांव अध्यक्ष श्री मानकू राम नेताम एवं जिला पंचायत कोण्डागांव के उपाध्यक्ष श्री हिरासिंह नेताम सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जनपद पंचायत बड़ेराजपुर सदस्य श्रीमती चन्द्ररेखा मरकाम, वनमंडलाधिकारी केशकाल श्रीमती दिव्या गौतम, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एसडीएम श्री अशवन पुसाम, एसडीओ श्रीमती सुषमा नेताम सहित विभागीय अधिकारी, विद्यालय परिवार, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा मुख्य उद्देश्य

वन महोत्सव का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों ने प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेते हुए हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

Leave a Comment