Buy Advt. Space

साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में मंगलवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति एवं विभिन्न विभागों की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

बस्तर मुन्ने पोर्टल और एग्री स्टैक पंजीयन में तेजी के निर्देश

कलेक्टर ने बस्तर मुन्ने पोर्टल में लंबित एंट्री को शीघ्र पूर्ण करने तथा एग्री स्टैक पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र एवं विवाह प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।

आई-गॉट कर्मयोगी पोर्टल पर प्रशिक्षण अनिवार्य

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आई-गॉट कर्मयोगी पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक माह कम से कम एक विषय पर प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से पूरा करने तथा अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-ऑफिस से संबंधित कार्यवाही में भी तेजी लाने को कहा।

लखपति दीदी एवं आजीविका गतिविधियों की समीक्षा

बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत लखपति दीदी पहल एवं अन्य आजीविका गतिविधियों से लाभान्वित स्व-सहायता समूह की महिलाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान अस्पताल भवनों एवं आइसोलेशन वार्ड के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने जिला अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सोनोग्राफी सुविधा को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने सख्त निर्देश

सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। उन्होंने शासकीय कार्यालयों में आने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भी हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना एवं सम्मान निधि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही अटल डिजिटल सेवा केन्द्र, महतारी सदन, महाविद्यालय एवं छात्रावास भवन सहित अन्य निर्माणाधीन भवनों के कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कर आमजन को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment