Buy Advt. Space

कोंगुड़ में साइबर जागृति अभियान, जनसमस्या निवारण शिविर और साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, जिले में शासन की मंशा के अनुरूप गुरुवार को विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। फरसगांव विकासखंड के ग्राम कोंगुड़ में साइबर जागृति अभियान और जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कांकेर सांसद भोजराज नाग एवं केशकाल विधायक निलकंठ ठेकाम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वहीं केशकाल ब्लॉक के ग्राम धनोरा स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल में सरस्वती साइकिल योजना के तहत 115 बालिकाओं को साइकिल वितरित की गई।

साइबर सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत कोंडागांव पुलिस द्वारा शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, डीएसपी अभिनव उपाध्याय एवं डीएसपी स्निग्धा सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों को अज्ञात लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड नहीं करने और अपनी निजी एवं गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने की अपील

पुलिस ने नागरिकों से बैंक खाता, एटीएम/डेबिट कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड, यूपीआई पिन सहित अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की। सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। साइबर ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने से ठगी की राशि को रोकने और अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

जनसमस्या निवारण शिविर में सुनी गईं नागरिकों की समस्याएं

कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन तथा जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई के मार्गदर्शन में फरसगांव विकासखंड के ग्राम कोंगुड़ में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में सांसद भोजराज नाग एवं विधायक निलकंठ ठेकाम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

महतारी सदन का भूमिपूजन, लोक सेवा केंद्र का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान ग्राम कोंगुड़ में महतारी सदन एवं प्रार्थना शेड का भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही लोक सेवा केंद्र का लोकार्पण भी संपन्न हुआ। इन सुविधाओं से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

175 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने किया गारमेंट फैक्ट्री का भ्रमण

कार्यक्रम के दौरान 175 आत्मसमर्पित नक्सलियों को गारमेंट फैक्ट्री का भ्रमण कराया गया। इसका उद्देश्य उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने तथा समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

115 बालिकाओं को मिली सरस्वती साइकिल

केशकाल विकासखंड के ग्राम धनोरा स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत 115 बालिकाओं को साइकिल वितरित की गई। विधायक निलकंठ ठेकाम ने बालिकाओं को साइकिलें प्रदान कीं।

साइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी और बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा।

जनजागरूकता, समस्या समाधान और शिक्षा को मिला बढ़ावा

जिले में आयोजित इन कार्यक्रमों से एक ओर जहां साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया, वहीं जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया गया। सरस्वती साइकिल वितरण से बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहन मिला।

Leave a Comment