Buy Advt. Space

साइबर अपराध से बचाव के लिए कोण्डागांव पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान’

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के उद्देश्य से कोण्डागांव पुलिस द्वारा ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विशेष साइबर जागरूकता रथ को जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।

कलेक्टर और एसपी ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा की उपस्थिति में साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों, विद्यार्थियों और आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देगा।

स्कूलों और बाजारों में पहुंचकर किया जागरूक

डीएसपी श्री सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में ग्राम जैतपुरी एवं लंजोड़ा के स्कूलों में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वहीं एसडीओपी फरसगांव श्री अभिनव उपाध्याय ने उरनदाबेड़ा के साप्ताहिक बाजार में आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

एसडीओपी मर्दापाल श्री नरेंद्र पुजारी ने मर्दापाल स्कूल में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। डीएसपी श्रीमती स्निग्धा सलामे द्वारा लाइब्रेरी भवन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

लाइब्रेरी भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए साइबर सुरक्षा आधारित क्विज प्रतियोगिता भी कराई गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मौके पर ही पुरस्कृत किया गया।

इसके अलावा जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों द्वारा भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

700 से 1000 लोगों ने स्कैनर के जरिए अभियान से जुड़कर ली जानकारी

अभियान के दौरान जिलेभर में लगभग 700 से 1000 लोगों ने साइबर जागृति अभियान के स्कैनर को स्कैन कर अभियान से जुड़ते हुए साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की। पुलिस के अनुसार, यह लोगों में साइबर अपराधों के प्रति बढ़ती जागरूकता और डिजिटल सुरक्षा को लेकर उनकी सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।

एसपी ने कहा—साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी

पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध से बचाव केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने, किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने और अनजान व्यक्ति पर ऑनलाइन भरोसा नहीं करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि बैंक खाता, एटीएम/डेबिट कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और अज्ञात ऐप डाउनलोड करने से भी बचना चाहिए। सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस को दें सूचना

एसपी ने कहा कि साइबर अपराध होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। समय पर की गई सूचना ठगी की राशि को रोकने और अपराधियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि ‘साइबर जागृति अभियान’ तभी सफल होगा, जब प्रत्येक नागरिक स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होकर अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करेगा।

‘सतर्क रहें, सुरक्षित रहें’—पुलिस की अपील

कोण्डागांव पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहें और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं। साथ ही साइबर जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूकता ही सबसे मजबूत सुरक्षा है।

Leave a Comment