Buy Advt. Space

कलेक्टर ने कोपाबेड़ा मत्स्य बीज प्रक्षेत्र और उद्यान रोपणी का किया निरीक्षण

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने बुधवार को कोपाबेड़ा स्थित मत्स्य बीज प्रक्षेत्र एवं शासकीय उद्यान रोपणी का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों स्थानों पर संचालित गतिविधियों, उत्पादन व्यवस्था और विकास कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हैचरी में मत्स्य बीज उत्पादन प्रक्रिया का लिया जायजा

कलेक्टर ने मत्स्य बीज प्रक्षेत्र कोपाबेड़ा में हैचरी का निरीक्षण करते हुए इंड्यूस्ड ब्रीडिंग, अंडों से मत्स्य बीज उत्पादन, स्पॉन उत्पादन, नर्सरी प्रबंधन एवं मत्स्य बीज संवर्धन की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया।

उन्होंने अधिकारियों से मेजर कार्प एवं देशी मांगुर के मत्स्य बीज उत्पादन, वर्तमान उपलब्धता, आगामी उत्पादन लक्ष्य तथा मत्स्य बीज वितरण की कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज उत्पादन पर जोर

कलेक्टर ने वैज्ञानिक पद्धति एवं निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज उत्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के मत्स्य कृषकों को समय पर स्वस्थ और उच्च गुणवत्ता का मत्स्य बीज उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।

उन्होंने हैचरी परिसर की स्वच्छता, जल गुणवत्ता, ब्रूड मछलियों के उचित रखरखाव तथा उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रबंधन कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने कहा।

मत्स्य पालकों से किया संवाद

कलेक्टर ने मत्स्य पालन तालाबों का भी निरीक्षण किया और जल गुणवत्ता, मत्स्य वृद्धि, आहार प्रबंधन एवं उत्पादन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित मत्स्य पालकों से संवाद कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं आधुनिक पद्धतियों को अपनाकर मत्स्य कृषक अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। कलेक्टर ने जिले में मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ाने तथा अधिक से अधिक मत्स्य पालकों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

उद्यान रोपणी में आधुनिक खेती के प्रदर्शन की तैयारी

इसके बाद कलेक्टर ने शासकीय उद्यान रोपणी कोपाबेड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने आम एवं ड्रैगन फ्रूट की उन्नत किस्मों की आधुनिक खेती के फ्रंटलाइन डेमोन्स्ट्रेशन स्थापित करने तथा सब्जी वर्गीय फसलों के उच्च गुणवत्ता वाले पौधे उपलब्ध कराने के लिए विकसित किए जा रहे पॉलीहाउस एवं अन्य आवश्यक संरचनाओं के निर्माण कार्यों की जानकारी ली।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक मत्स्य पालन श्री प्रवेज कुमार, प्रभारी सहायक संचालक उद्यानिकी श्रीमती करूणा कश्यप, रोपणी प्रभारी श्री लोकेश्वर ध्रुव, सहायक मत्स्य अधिकारी श्रीमती मीनाक्षी पोटाई, मत्स्य जमादार श्री महेश बघेल सहित मत्स्य विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment