Buy Advt. Space

बदलते बस्तर की नई तस्वीर: सुदूर गांवों में शान से लहराया तिरंगा

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव,स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोंडागांव जिले के सुदूर एवं अंतिम छोर पर स्थित नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के तुमड़ीवाल, बेड़मा, बेचा, कुधुर, गुमियापाल, मांझानार और कीलम गांवों में राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराया गया। कभी नक्सल प्रभाव और भय के लिए पहचाने जाने वाले इन गांवों में अब तिरंगे की शान और राष्ट्रप्रेम का उत्साह दिखाई दे रहा है।

भय के माहौल से विश्वास की ओर बढ़ते कदम

नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र कोंडागांव जिले के अंतिम छोर में स्थित है और विधायक एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप के विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। नक्सल प्रभाव में कमी आने के बाद क्षेत्र में आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। भय के वातावरण से मुक्ति के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार ने ग्रामीणों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत किया है।

स्वतंत्रता दिवस पर ग्रामीणों में दिखा उत्साह

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इन गांवों में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देश के प्रति अपनी आस्था एवं सम्मान व्यक्त किया। तिरंगे के साथ बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों की सहभागिता ने गांवों में देशभक्ति के माहौल को और मजबूत किया।

माओवादी प्रभाव से शांति और विकास की ओर

कभी यह क्षेत्र लंबे समय तक माओवादी प्रभाव से जूझता रहा, लेकिन अब केंद्र और राज्य शासन के संकल्प एवं निरंतर प्रयासों से इन गांवों में शांति और विकास की नई राह प्रशस्त हो रही है। जहां कभी भय का माहौल हुआ करता था, वहां आज हर हाथ में तिरंगा और हर दिल में देशप्रेम की भावना नजर आ रही है।

‘बदलते बस्तर’ की दिखाई दे रही नई तस्वीर

सुदूर गांवों में स्वतंत्रता दिवस पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराया जाना लौटते विश्वास और मजबूत होते लोकतांत्रिक वातावरण का प्रतीक है। इन गांवों में दिखाई दे रहा यह बदलाव ‘बदलते बस्तर’ के साथ विकास, शांति और नई उम्मीदों की तस्वीर को भी सामने रखता है।

Leave a Comment