ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, केंद्र एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार स्थानीय विकास नगर स्टेडियम में स्वतंत्रता दौड़ के आयोजन के साथ ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ मनाया गया। इस अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से वर्ष 1947 में हुए भारत विभाजन की त्रासदी, उसके दुष्परिणामों और उस दौर में लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा को प्रदर्शित किया गया।
छायाचित्र प्रदर्शनी में दिखा विभाजन का दंश
प्रदर्शनी में वर्ष 1947 के भारत विभाजन से जुड़ी घटनाओं और उस समय की मानवीय पीड़ा को छायाचित्रों के माध्यम से दर्शाया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले लोगों को स्मरण करना तथा विस्थापन का दंश झेलने वाले परिवारों के संघर्ष और पीड़ा को भावी पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।
जनप्रतिनिधियों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी, श्री मनोज जैन, श्री कुलवंत चहल सहित जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभाजन के दौरान प्रभावित लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन धारण किया।
अधिकारी, विद्यार्थी और युवा भी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा, एसडीएम श्री अजय उरांव सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं युवा उपस्थित रहे।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत हो रहे विविध आयोजन
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की है। इसके तहत 9 से 17 अगस्त तक देशभर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दौड़, तिरंगा यात्रा एवं छायाचित्र प्रदर्शनी सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने तथा भारत के इतिहास और स्वतंत्रता संघर्ष से नई पीढ़ी को परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।








