Buy Advt. Space

कन्हारगांव स्कूल में पुलिस ने लगाई जन चौपाल, विद्यार्थियों को दी कानून एवं सुरक्षा की जानकारी

By

नवीन कानून, यातायात नियम, साइबर अपराध और नशामुक्ति को लेकर किया जागरूक

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री अभिनव उपाध्याय (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में थाना उरंदाबेड़ा पुलिस द्वारा ग्राम कन्हारगांव के उच्च प्राथमिक शाला में चलित थाना के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी श्री अखिलेश धीवर के नेतृत्व में आयोजित कार्यशाला में स्कूली छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को अपराध की रोकथाम तथा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।

महिला एवं बाल अपराधों से बचाव की दी जानकारी

कार्यशाला के दौरान पुलिस ने छात्र-छात्राओं को महिला संबंधी अपराध, बाल अपराध एवं लैंगिक अपराध के संबंध में जानकारी दी। महिलाओं की सुरक्षा, अपराध की रोकथाम तथा नशे से दूर रहने के उपायों के बारे में भी समझाइश दी गई।

विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच की जानकारी देते हुए किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित अभिव्यक्ति ऐप के बारे में भी बताया गया।

साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए महत्वपूर्ण सावधानियों की जानकारी दी। अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा नहीं करने, अनजान नंबरों से व्हाट्सऐप कॉलिंग से सावधान रहने तथा करोड़पति लॉटरी जैसे फर्जी लालच में नहीं आने की समझाइश दी गई।

साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर सूचना देने के लिए बताया गया। इसके साथ ही गांव में किसी अनजान व्यक्ति के आने पर इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

पुलिस ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया। वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी देते हुए आरसी बुक, ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र एवं परमिट साथ रखने की समझाइश दी गई।

नवीन कानून एवं नशामुक्ति का दिया संदेश

कार्यशाला में नवीन कानूनों की जानकारी देने के साथ ही विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। पुलिस ने युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

साथ ही किसी व्यक्ति के अवैध प्रवासी होने का संदेह होने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देने की समझाइश दी गई।

शिक्षक एवं पुलिसकर्मी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में प्रधान अध्यापक तिलक राम राणा, शिक्षक फागू राम यादव, शिक्षिकाएं ऋचा कावड़े एवं सरिता कुमेटी, भृत्य कृष्ण कुमार मरकाम सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। थाना उरंदाबेड़ा से थाना प्रभारी अखिलेश धीवर, आरक्षक जयपाल एक्का एवं वीर सिंह मरापी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Leave a Comment