Buy Advt. Space

मतदाता साक्षरता क्लब के नोडल अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

By

युवाओं को मतदाता पंजीयन, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदान के प्रति जागरूक करने पर जोर

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव,भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में उच्च एवं तकनीकी शैक्षणिक संस्थानों में गठित मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) के नोडल अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक एवं सक्षम मतदाता के रूप में तैयार करना तथा मतदाता साक्षरता को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देना रहा।

ईएलसी की भूमिका और युवाओं के मतदाता पंजीयन पर जोर

प्रशिक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर ने मतदाता साक्षरता क्लब के गठन के उद्देश्य एवं उसकी भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने नोडल अधिकारियों को अपने-अपने संस्थानों में मतदाता जागरूकता से जुड़ी व्यापक गतिविधियां संचालित करने तथा पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

निर्वाचन प्रक्रिया एवं पंजीयन की दी गई जानकारी

मास्टर ट्रेनर श्री शशिभूषण कन्नौजे ने मतदाता साक्षरता एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ईसीआईनेट मोबाइल ऐप, चार अर्हता तिथियों के माध्यम से युवाओं के मतदाता पंजीयन, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन प्रक्रिया तथा विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग के बारे में बताया।

इसके साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, मतदाता सूची के निर्माण एवं अद्यतन, भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं जिम्मेदारियों तथा ईवीएम-वीवीपैट के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी गई।

चार अर्हता तिथियों से युवाओं को मिलेगा पंजीयन का अवसर

प्रशिक्षण में बताया गया कि नए मतदाताओं के लिए 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर चार अर्हता तिथियां निर्धारित हैं। इन तिथियों के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का अवसर मिलता है।

नैतिक और सूचित मतदान के लिए किया गया जागरूक

प्रशिक्षण के दौरान नैतिक एवं सूचित मतदान को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताया गया। युवाओं को पैसे, प्रलोभन, दबाव, जाति अथवा धर्म के आधार पर मतदान नहीं करने तथा मुद्दों, विकास, योग्यता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।

साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली गलत सूचनाओं और फर्जी खबरों की पहचान एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। निर्वाचन संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने तथा भ्रामक एवं अपुष्ट सामग्री को आगे साझा नहीं करने की अपील की गई।

महाविद्यालयों में होंगी विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियां

ईएलसी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने महाविद्यालयों एवं संस्थानों में बैठक, मॉक पोल, क्विज, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण, नुक्कड़ नाटक, ईवीएम प्रदर्शन तथा मतदाता पंजीयन संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के लिए कहा गया।

इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया से सक्रिय रूप से जोड़ने के साथ ही उनमें मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर श्री वेणुगोपाल राव सहित महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों से प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Comment