Buy Advt. Space

मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026: लोक कलाकारों को मिलेगा आर्थिक संबल, 31 अगस्त तक करें आवेदन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवरायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश की समृद्ध लोक कला, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय द्वारा मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत प्रदेश के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को संरक्षित करना, कलाकारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा नई पीढ़ी तक सांस्कृतिक विरासत को पहुंचाना है।

इन विधाओं के कलाकार कर सकते हैं आवेदन

योजना के अंतर्गत लोक नृत्य, लोक संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन, पारंपरिक वाद्ययंत्र वादन, शिल्प कला, छत्तीसगढ़ी पारंपरिक पाक कला तथा छत्तीसगढ़ी सौंदर्य कला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य इन कलाकारों को प्रोत्साहित कर उनकी कला के संरक्षण और संवर्धन को नई गति देना है।

हर वर्ष मिलेगी 12 हजार से 24 हजार रुपये तक की सहायता

योजना के तहत पात्र कलाकारों का ‘चिन्हारी पोर्टल’ में पंजीयन अनिवार्य होगा। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी। यह राशि प्रत्येक वित्तीय वर्ष में एक बार दी जाएगी, जिससे कलाकारों को अपनी कला के विकास और प्रस्तुति के लिए आर्थिक सहयोग मिल सके।

पात्रता और आवश्यक दस्तावेज

योजना का लाभ ऐसे कलाकारों को मिलेगा जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड तथा पैन कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक होगा।

31 अगस्त तक भेज सकते हैं आवेदन

आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़)-492018 के पते पर भेजे जा सकते हैं। आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट एवं संचालनालय कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र के लिफाफे पर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य होगा।

समिति करेगी आवेदनों का परीक्षण

प्राप्त सभी आवेदनों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा तथा समिति का निर्णय अंतिम और मान्य होगा। चयनित कलाकारों को उनकी योग्यता और पात्रता के आधार पर योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।

लोक कलाकारों के सम्मान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : राजेश अग्रवाल

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और लोक कलाओं के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना केवल आर्थिक सहायता देने की योजना नहीं, बल्कि उन लोक कलाकारों के सम्मान और स्वाभिमान को सशक्त करने का माध्यम है, जिन्होंने पीढ़ियों से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखा है।

उन्होंने प्रदेश के सभी पात्र लोक कलाकारों से अपील की कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर इस पहल का हिस्सा बनें।

सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा नया मंच

मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना से लोक कलाकारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को व्यापक मंच मिलेगा, जिससे छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Comment