Buy Advt. Space

कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

By

सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव,कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को वीबी जीरामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सीएम हेल्पलाइन एवं सेवा सेतु पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन पर विशेष फोकस

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सेवा सेतु एवं सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

किसानों और पुनर्वासित परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

कलेक्टर ने पुनर्वासित परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने एग्रीस्टैक पंजीयन एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों को समय पर लाभ दिलाने के लिए कार्यों में तेजी लाने को कहा। साथ ही सभी विभागों को ई-ऑफिस का नियमित उपयोग कर कार्यों में दक्षता और पारदर्शिता बढ़ाने के निर्देश दिए।

जन्म-मृत्यु पंजीयन और स्वामित्व योजना की समीक्षा

बैठक में जन्म एवं मृत्यु पंजीयन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने शासकीय एवं निजी अस्पतालों में होने वाले प्रत्येक जन्म एवं मृत्यु का समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेखों के वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए वितरण कार्य में तेजी लाने को कहा।

स्वास्थ्य विभाग को मलेरिया और टीबी नियंत्रण के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मलेरिया की रोकथाम के लिए नियमित जांच, निगरानी और जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत आमजन को बीमारी के लक्षण, जांच और उपचार के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया।

महत्वाकांक्षी योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित शासन की अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि विकास कार्य समय पर पूर्ण हो सकें।

अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment