कलेक्टर ने जिला स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक में की समीक्षा
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जन्म एवं मृत्यु पंजीयन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए समयबद्ध पंजीयन, प्रमाण पत्रों का शीघ्र वितरण तथा पंजीयन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समय पर पंजीयन और प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी शासकीय एवं निजी अस्पतालों में जन्म एवं मृत्यु का पंजीयन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही हितग्राहियों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
विलंबित पंजीयन पर जिला अस्पताल से मांगा स्पष्टीकरण
समीक्षा के दौरान जिला अस्पताल कोण्डागांव में समय पर जन्म-मृत्यु पंजीयन नहीं होने पर कलेक्टर ने सिविल सर्जन एवं अधीक्षक जिला अस्पताल से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने विलंबित पंजीयन के मामलों में सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं तहसीलदारों को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
फर्जी पंजीकरण रोकने पर विशेष जोर
कलेक्टर ने अधिकारियों को फर्जी जन्म-मृत्यु पंजीकरण तथा यूजर आईडी और पासवर्ड के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंजीयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण के निर्देश
बैठक में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को वर्ष 2008 के बाद के जन्म-मृत्यु पंजीयन से संबंधित अभिलेख जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि उनका व्यवस्थित डिजिटलीकरण किया जा सके और भविष्य में अभिलेखों का सुरक्षित एवं सुगम उपयोग सुनिश्चित हो।
अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








