ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन में यातायात पुलिस कोण्डागांव द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य नाबालिग छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा बिना लाइसेंस वाहन चलाने से होने वाले कानूनी परिणामों की जानकारी देना था।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ अभियान
अभियान पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। यातायात पुलिस की टीम ने विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के नियमों की विस्तार से जानकारी दी।
इन विद्यालयों में दी गई सड़क सुरक्षा की जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम के तहत बालक हायर सेकेंडरी स्कूल कोण्डागांव, स्वामी आत्मानंद स्कूल तहसीलपारा, स्वामी आत्मानंद स्कूल जामकोटपारा, कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल कोण्डागांव तथा चावरा हायर सेकेंडरी स्कूल कोण्डागांव के छात्र-छात्राओं को हेलमेट पहनने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने और यातायात नियमों का पालन करने के महत्व के बारे में बताया गया।
बिना लाइसेंस वाहन चलाना है कानूनन अपराध
यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को समझाया कि बिना ड्राइविंग लाइसेंस के मोटरसाइकिल या स्कूटी चलाना मोटरयान अधिनियम के तहत कानूनन अपराध है। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो उसके अभिभावकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
विद्यालय प्रबंधन से भी किया गया सहयोग का आग्रह
पुलिस अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन से अपील की कि वे विद्यार्थियों को नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने के लिए प्रेरित करें तथा नियमित रूप से यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करें।
अभियान रहेगा लगातार जारी
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए यह जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।








