Buy Advt. Space

बाढ़ की स्थिति से निपटने प्रशासन सतर्क, उफनते नदी-नालों को पार न करने की अपील

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, जिले में लगातार हो रही बारिश के मद्देनज़र जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संभावित बाढ़ एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और किसी भी परिस्थिति में जलमग्न पुल, रपटा या उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें।

लगातार बारिश से बढ़ा खतरा

प्रशासन के अनुसार जिले में लगातार हो रही वर्षा के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे हालात में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। नागरिकों से मौसम की स्थिति सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की गई है।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष किया गया स्थापित

मानसून के दौरान बाढ़, अतिवृष्टि एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला कार्यालय कोण्डागांव के कक्ष क्रमांक-38 में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष पूरे मानसून अवधि तक सक्रिय रहेगा। किसी भी आपात स्थिति की सूचना देने अथवा सहायता प्राप्त करने के लिए दूरभाष क्रमांक 07786-242768 पर संपर्क किया जा सकता है।

आपात स्थिति में तुरंत दें सूचना

जिला प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि बाढ़, अतिवृष्टि, जन-धन की हानि, मार्ग अवरुद्ध होने या अन्य किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल बाढ़ नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने, अफवाहों से बचने तथा सुरक्षित व्यवहार अपनाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि नागरिकों का सहयोग ही संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment