कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, शिक्षकों से गैर-शैक्षणिक कार्य नहीं कराने की अपील
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) जिला परिषद कोण्डागांव ने जिले के प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के सभी शासकीय विद्यालयों में प्रत्येक कक्षा के लिए एक-एक शिक्षक की नियुक्ति तथा शिक्षकों से गैर-शैक्षणिक कार्य नहीं कराने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जिला सचिव शैलेश, सहायक सचिव दिनेश सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राज्य नेतृत्व के निर्देश पर सौंपा।
शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर दिया जोर
सीपीआई ने अपने ज्ञापन में कहा कि आदिवासी बाहुल्य कोण्डागांव जिले में शासन द्वारा विद्यालय भवनों के निर्माण और मरम्मत पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है। पार्टी का कहना है कि केवल भवन निर्माण से शिक्षा व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक कक्षा के लिए पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराना आवश्यक है।
गैर-शैक्षणिक कार्य से प्रभावित हो रही पढ़ाई
पार्टी ने कहा कि शिक्षकों की कमी के बावजूद उनसे विभिन्न गैर-शैक्षणिक कार्य कराए जाते हैं, जिससे नियमित पढ़ाई प्रभावित होती है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों के कई छात्र-छात्राएं बेहतर शिक्षा से वंचित रह रहे हैं।
आदिवासी विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर जताई चिंता
ज्ञापन में कहा गया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभाव में आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी 10वीं और 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। वहीं उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में भी वे अन्य क्षेत्रों के विद्यार्थियों से प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाते, जिससे बेरोजगारी की समस्या बढ़ रही है।
जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
सीपीआई ने जिला प्रशासन से शासन स्तर पर पत्राचार कर जल्द आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।








