Buy Advt. Space

कोण्डागांव में पहली बार होगा जिला स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट 2026

By

स्थानीय संस्कृति, पर्यटन और हस्तशिल्प को डिजिटल मंच देने की पहल

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव,जिला प्रशासन कोण्डागांव द्वारा जिले में पहली बार जिला स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य जिले की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता को डिजिटल माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। साथ ही जिले की प्रेरणादायक कहानियों और सकारात्मक पहलों को सोशल मीडिया के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना भी इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

कंटेंट क्रिएशन प्रतियोगिता का होगा आयोजन

इन्फ्लुएंसर मीट के अंतर्गत कंटेंट क्रिएशन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतिभागियों को अधिकतम एक मिनट का रचनात्मक वीडियो या रील तैयार कर निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से भेजना होगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ कोण्डागांव की विशेषताओं को डिजिटल दुनिया तक पहुंचाना है।

विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 2 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।

2 अगस्त को लाइवलीहुड कॉलेज में होगा आयोजन

जिला स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट का आयोजन 2 अगस्त 2026 (रविवार) को प्रातः 11 बजे लाइवलीहुड कॉलेज, डोंगरीपारा, कोण्डागांव में किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 30 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स से भागीदारी की अपील

जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, फोटोग्राफर्स एवं वीडियो क्रिएटर्स से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। प्रतिभागी अपनी रचनात्मकता के माध्यम से कोण्डागांव की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की सकारात्मक कहानियों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत कर जिले की विशिष्ट पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Leave a Comment