Buy Advt. Space

NEET अनियमितताओं और जंतर-मंतर लाठीचार्ज की न्यायिक जांच की मांग

By

भीम आर्मी ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर के माध्यम से सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, भीम आर्मी भारत एकता मिशन, जिला कोण्डागांव (छत्तीसगढ़) ने शनिवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं, नई दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बल प्रयोग का किया विरोध

संगठन ने ज्ञापन में कहा कि 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष और समयबद्ध न्यायिक जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। संगठन का कहना है कि शांतिपूर्ण आंदोलनों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत है।

शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग

भीम आर्मी ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सामने आ रही कथित अनियमितताओं से विद्यार्थियों और अभिभावकों का विश्वास प्रभावित हुआ है। संगठन ने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने के लिए व्यापक सुधार लागू करने की मांग की।

ज्ञापन में रखीं प्रमुख मांगें

ज्ञापन में जंतर-मंतर की घटना की स्वतंत्र न्यायिक जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, घायल छात्रों को चिकित्सा सुविधा, आर्थिक सहायता एवं मुआवजा, शांतिपूर्ण आंदोलनों पर बल प्रयोग रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश, राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने सहित कई मांगें शामिल की गईं।

देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

संगठन ने कहा कि यदि इस मामले में शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भीम आर्मी भारत एकता मिशन संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के दायरे में देशव्यापी जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

ये रहे मौजूद

इस दौरान जिला अध्यक्ष हेम सिंह मौर्य, जिला उपाध्यक्ष कवल सिंह सोढ़ी, जिला प्रवक्ता पी. एल. विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष बनी राम नेताम, सह सचिव कमलनाथ कश्यप, मीडिया प्रभारी आशीष मौर्य, सुमित कुमार बघेल, रुपसाय पटेल, रामलाल दिवान, झानकू सोढ़ी, रामेश्वर कश्यप, फूलमन नेताम सहित संगठन के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment