ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, जिले के स्वच्छ वॉरियर्स द्वारा रविवार को सामुदायिक भवन के पास स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान–24 का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य जिले को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त और हरित बनाने के साथ-साथ लोगों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अभियान में लगभग 15 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सफाई के साथ किया पौधारोपण
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने क्षेत्र में फैले प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्रित कर आसपास के परिसर की साफ-सफाई की। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया गया। स्वयंसेवकों ने स्वच्छ वातावरण के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
जनजागरूकता पर रहा विशेष जोर
स्वच्छ वॉरियर्स ने अभियान के माध्यम से नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की। लोगों से कचरा इधर-उधर नहीं फैलाने, एकल-उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया गया।
नियमित रूप से जारी रहेंगे अभियान
संगठन के सदस्यों ने बताया कि जिले को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने के लिए भविष्य में भी नियमित रूप से स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान चलाए जाएंगे। उनका मानना है कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।








