Buy Advt. Space

अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने कानून व्यवस्था मजबूत करने दिए निर्देश

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव ,जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में जिला पुलिस कार्यालय में विशेष अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।

लंबित अपराधों और शिकायतों की हुई समीक्षा

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले में लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति तथा विभिन्न शाखाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा गंभीर और लंबित मामलों में शीघ्र विवेचना पूरी कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किए जाएं।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और विजिबल पुलिसिंग पर जोर

एसपी ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित समन एवं वारंटों की शत-प्रतिशत तामिली, आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, नियमित रात्रि गश्त और सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही विजिबल पुलिसिंग को मजबूत कर आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने पर बल दिया।

सोशल मीडिया निगरानी और साइबर जागरूकता अभियान के निर्देश

बैठक में सोशल मीडिया की सतत मॉनिटरिंग करते हुए अफवाह और भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा साइबर अपराध, ऑनलाइन बैंकिंग एवं एटीएम धोखाधड़ी, डिजिटल सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

सामुदायिक पुलिसिंग और जनसंवाद को मिलेगा बढ़ावा

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, ग्राम स्तर पर जनसंवाद बढ़ाने, फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा अभियोजन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर न्यायालय में दोषसिद्धि प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। “कॉप ऑफ द मंथ” सम्मान आरक्षक अजरंग बघेल, लिलेश ध्रुव एवं दशरू नेताम को प्रदान किया गया। वहीं “एम्पलाई ऑफ द मंथ” सम्मान गिरजा शंकर देव को उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए दिया गया।

जनसेवा की भावना से कार्य करने का आह्वान

पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासित, उत्तरदायी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Leave a Comment