Buy Advt. Space

चिपावंड वन महोत्सव में वृक्षारोपण, 51 छात्राओं को मिली साइकिलें आज

By
Last updated:

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिले में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को विकासखंड कोण्डागांव के ग्राम पंचायत चिपावंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में जिला स्तरीय वन महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वन परिक्षेत्र मुलमुला एवं वनमंडल कोण्डागांव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कटहल का पौधा लगाकर किया कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कटहल का पौधा रोपित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने “हमारा संकल्प–एक पेड़, एक जीवन; हरित भारत, स्वस्थ भारत” की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

विद्यालय परिसर को बनाया जा रहा हरित परिसर

विद्यालय परिसर में हरित वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से ग्रीन बाउंड्री वॉल और फेंसिंग का निर्माण कराया गया है। परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), स्काउट-गाइड के स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने भी पौधरोपण कर पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।

51 छात्राओं को मिली सरस्वती साइकिल योजना की सौगात

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की 51 छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना, विद्यालय तक उनकी सुरक्षित एवं सुगम पहुंच सुनिश्चित करना तथा ड्रॉपआउट दर में कमी लाना है।

पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

अपने संबोधन में विधायक लता उसेंडी ने कहा कि विद्यालयों को हरा-भरा बनाना बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोण्डागांव विधानसभा क्षेत्र के सभी शासकीय संस्थानों में ग्रीन बाउंड्री विकसित करने का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी, नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जनपद पंचायत माकड़ी की अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम, जनपद पंचायत कोण्डागांव के उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्री नन्दलाल राठौर, श्रीमती रदमा बघेल, ग्राम पंचायत चिपावंड की सरपंच सुश्री सूरजबती नेताम, वनमण्डलाधिकारी श्री चूड़ामणि सिंह, विभागीय अधिकारी, विद्यालय परिवार, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment