ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, विकास नगर स्टेडियम, कोण्डागांव में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के माध्यम से निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 100 युवक-युवतियों को ट्रैकसूट एवं स्पोर्ट्स शूज का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं : विधायक लता उसेण्डी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। यह निरंतर मेहनत, अनुशासन, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति स्पष्टता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि युवा इन मूल मंत्रों को अपनाकर आगे बढ़ें, तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
2020 से चल रहा है निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण अभियान
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोण्डागांव के जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने बताया कि बस्तर संभाग के युवाओं को निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देने का अभियान वर्ष 2020 में प्रारंभ किया गया था। वर्तमान में इसका आठवां चरण संचालित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि कोण्डागांव, फरसगांव, बड़ेराजपुर और केशकाल विकासखंडों के लगभग 16 हजार युवक-युवतियां अब तक इस प्रशिक्षण का लाभ उठा चुके हैं।
600 से अधिक युवाओं का विभिन्न सेवाओं में चयन
सूरज यादव ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले लगभग 600 युवक-युवतियों का चयन बस्तर फाइटर, जिला बल, अग्निवीर, नगर सेना तथा विभिन्न अर्धसैनिक बलों में हो चुका है। उन्होंने इसे पूर्व सैनिकों के मार्गदर्शन और युवाओं की मेहनत का सकारात्मक परिणाम बताया।
युवाओं ने जताया आभार
ट्रैकसूट एवं स्पोर्ट्स शूज प्राप्त करने वाले सभी युवक-युवतियों ने विधायक सुश्री लता उसेण्डी तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सहायता से प्रशिक्षण के दौरान उनका उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में श्री दीपेश अरोरा, श्री मनोहर साहू, वरिष्ठ खेल अधिकारी सुश्री सुधा कुमार, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिला अध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सदस्य श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर, ढालेश साहू सहित परिषद के पदाधिकारी तथा निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 100 युवक-युवतियां उपस्थित रहे।








