ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव,पुलिस एवं सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से रक्षित केन्द्र, कोण्डागांव में आयोजित कार्यक्रम में निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे दिशा एकेडमी के 110 अभ्यर्थियों को विधायक सुश्री लता उसेंडी ने ट्रैक सूट एवं स्पोर्ट्स शूज वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके सपनों को नई उड़ान देना है।
प्रशिक्षण के साथ संसाधनों का भी मिला सहयोग
रक्षित केन्द्र में कोण्डागांव पुलिस द्वारा संचालित निःशुल्क प्रशिक्षण में शामिल अभ्यर्थियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष नरपति पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज जैन, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, जिला खेल अधिकारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ग्रामीण युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं : विधायक लता उसेंडी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन मिलें तो वे पुलिस, सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों में चयनित होकर अपने परिवार, जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समान अवसर देने का प्रयास : पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने कहा कि कोण्डागांव पुलिस युवाओं को प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं के लिए बेहतर वातावरण और निःशुल्क शारीरिक प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है। प्रशिक्षण के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि के अभ्यर्थियों को समान अवसर देना है, ताकि अधिक से अधिक युवा पुलिस एवं सुरक्षा सेवाओं में अपना भविष्य बना सकें।
अभ्यर्थियों ने जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान सभी 110 अभ्यर्थियों को ट्रैक सूट एवं स्पोर्ट्स शूज प्रदान किए गए। अभ्यर्थियों ने विधायक, जिला प्रशासन और कोण्डागांव पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पूरी लगन और मेहनत से प्रशिक्षण लेकर भर्ती परीक्षाओं में सफलता हासिल करने का संकल्प लिया।
युवाओं के भविष्य को संवारने की पहल जारी
कोण्डागांव पुलिस द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास, शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं रोजगारोन्मुखी प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए लगातार निःशुल्क प्रशिक्षण एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से जिले के अधिक से अधिक युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिल रहा है।








