Buy Advt. Space

जी राम जी अभियान शुरू, 26 हितग्राहियों को तालाब निर्माण स्वीकृति मिली

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, 02 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पहल ‘जी राम जी अभियान’ का शुभारंभ गुरुवार को आंध्रप्रदेश से किया गया। इसके तहत कोण्डागांव कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में आत्मनिर्भर एवं विकसित ग्राम पंचायतों के निर्माण का संकल्प लिया गया।

ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि यह अभियान विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा भुगतान एवं विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। बायोमेट्रिक उपस्थिति और डिजिटल प्रणाली से योजनाओं का संचालन अधिक प्रभावी होगा।

जल संरक्षण और डिजिटल सुशासन पर जोर

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने डिजिटल इंडिया की अवधारणा के अनुरूप योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन पर बल दिया। साथ ही जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी सरपंचों से आगामी एक वर्ष का ग्राम विकास रोडमैप तैयार करने और अधिक से अधिक जल संरक्षण कार्यों के प्रस्ताव भेजने का आग्रह किया।

जनप्रतिनिधियों ने अभियान को बताया ऐतिहासिक पहल

जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हीरा सिंह नेताम ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ विकास कार्यों में पारदर्शिता लाएगी। जिला पंचायत सदस्य श्री नंद लाल राठौर ने विकसित भारत के लक्ष्य को गांवों के विकास से जोड़ते हुए जल संरक्षण को भविष्य के लिए आवश्यक बताया।

जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब सभी जनप्रतिनिधि और ग्रामीण सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। वहीं श्री दीपेश अरोरा ने कहा कि अभियान से रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और मजदूरी भुगतान समयबद्ध एवं पारदर्शी होगा। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र सिंह ठाकुर ने इसे गांवों के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया।

26 हितग्राहियों को मिले तालाब निर्माण के स्वीकृति पत्र

कार्यक्रम के दौरान जिले के पांचों विकासखंडों के 26 हितग्राहियों को व्यक्तिगत तालाब निर्माण के लिए लगभग दो लाख रुपये के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस पहल से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की आजीविका सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा रामचंद्र कश्यप, श्रीमती भगवती महेश नेताम, रामदई प्रेम सिंह नाग, जनपद पंचायत सदस्य लुद्रप्रताप ठाकुर, रामशिला कोर्राम, माकड़ी जनपद पंचायत अध्यक्ष जुगबत्ती पोयाम, श्रीमती पूजा शर्मा, जुगबत्ती नेताम, रदमा सुंदर बघेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रश्मि पोया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सरपंच उपस्थित रहे।

Leave a Comment