Buy Advt. Space

चेरबेड़ा सहयोग चौपाल में संवाद से सुलझा ग्रामीणों का विवाद

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, थाना धनोरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चेरबेड़ा में पुलिस विभाग द्वारा “सहयोग चौपाल” का आयोजन कर ग्रामीणों के बीच आपसी संवाद और समन्वय के माध्यम से एक स्थानीय विवाद का समाधान किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस केशकाल श्री अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।

संवाद के माध्यम से निकाला गया समाधान

सहयोग चौपाल के दौरान ग्राम चेरबेड़ा में चर्च में प्रार्थना करने के लिए बाहरी गांवों से आने वाले लोगों को लेकर उत्पन्न स्थिति पर दोनों पक्षों के बीच चर्चा की गई। ग्रामीणों एवं ईसाई धर्मावलंबियों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी सहमति बनाई गई।

दोनों पक्षों ने दिखाई समझदारी

चर्चा के दौरान ईसाई धर्म को मानने वाले लोगों ने ग्रामीणों की बात को स्वीकार करते हुए अपने-अपने गांवों में ही प्रार्थना करने तथा अन्य गांवों से प्रार्थना के लिए लोगों को नहीं बुलाने की सहमति व्यक्त की। पुलिस की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाधान निकाला गया।

ग्रामीणों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां

सहयोग चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव, पाक्सो अधिनियम तथा आपातकालीन सेवा डायल-112 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से कानूनों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

पुलिस अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सहायक उप निरीक्षक गोपाल ठाकुर, प्रधान आरक्षक नेम सिंह मरकाम, आरक्षक अस्सी लाल, संदीप कुमार तथा सुकलाल नेताम सहित पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सहयोग चौपाल की पहल की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज में आपसी सद्भाव और जागरूकता बढ़ाने वाला बताया।

Leave a Comment