Buy Advt. Space

केशकाल बायपास निर्माण को मिली रफ्तार, कार्यादेश हुआ जारी

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, बस्तर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित केशकाल घाट फोरलेन बायपास परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव के निर्देशों के बाद लोक निर्माण विभाग ने चयनित निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया है। यह बायपास राष्ट्रीय राजमार्ग-30 रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर बनाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान दिए थे काम में तेजी लाने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान 5 जून को केशकाल घाट बायपास के दोनों छोरों का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर परियोजना के कार्यों में तेजी लाने तथा आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए थे।

विभाग ने त्वरित कार्रवाई कर जारी किया कार्यादेश

उप मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद लोक निर्माण विभाग ने आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया। इसके परिणामस्वरूप गुरुवार को चयनित निर्माण एजेंसी को औपचारिक रूप से कार्यादेश जारी कर दिया गया, जिससे परियोजना के निर्माण कार्य का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर

श्री साव ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केशकाल बायपास बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है और इसका शीघ्र निर्माण सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।

11.38 किलोमीटर लंबा होगा बायपास मार्ग

लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 308 करोड़ रुपये की लागत से 11.38 किलोमीटर लंबे केशकाल घाट बायपास का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना के तहत दो वृहद पुल और दो मध्यम पुलों का निर्माण भी प्रस्तावित है। बायपास के निर्माण से केशकाल घाट में यातायात का दबाव कम होगा तथा रायपुर से जगदलपुर और बस्तर संभाग तक आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगा।

बस्तर की कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम

परियोजना के पूरा होने के बाद बस्तर क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही भारी वाहनों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को केशकाल घाट के जाम और कठिन मोड़ों से राहत मिलेगी, जिससे यात्रा समय में भी कमी आएगी।

Leave a Comment