ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कोण्डागांव पुलिस ने कम कीमत में मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से रकम ठगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार 22 मार्च 2026 को प्रार्थी बसमन नेताम ने थाना कोण्डागांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी सुखधर पोयाम और जयन्तो हलदार लोगों को डिस्काउंट में वाहन दिलाने का लालच देकर नकद रकम वसूल रहे थे।
कई लोगों से लाखों रुपये की वसूली
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने विभिन्न ग्रामीणों से मोटरसाइकिल दिलाने के नाम पर 65 हजार से 85 हजार रुपये तक की रकम ली। आरोप है कि वाहन फाइनेंस करवाने और सस्ते दाम में गाड़ी उपलब्ध कराने का भरोसा देकर कई लोगों से नकदी एकत्र की गई, लेकिन वाहन उपलब्ध नहीं कराए गए।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
शिकायत के आधार पर थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 81/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
साइबर शाखा और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रूपेश कुमार के नेतृत्व में थाना कोण्डागांव एवं साइबर शाखा की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ग्रामीणों से वाहन दिलाने के नाम पर रकम लेते थे। जांच में यह भी सामने आया कि वाहन मालिकों के दस्तावेजों का उपयोग कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और उन्हें असली बताकर लोगों को भरोसे में लिया गया।
मोबाइल जब्त, पर्याप्त साक्ष्य मिले
मामले की जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस को घटना से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को 04 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- सुखधर पोयाम (36 वर्ष), निवासी कोकोड़ी टेंगनापदर पारा, थाना एवं जिला कोण्डागांव।
- जयन्तो हलदार उर्फ जयन्तो हलदार (27 वर्ष), निवासी बनियागांव, कुडुममाटा, थाना एवं जिला कोण्डागांव।
कार्रवाई में इन अधिकारियों की रही भूमिका
पूरे अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सहायक उप निरीक्षक पिताम्बर कटार, प्रधान आरक्षक नरेंद्र देहारी, आरक्षक छेदी नेताम, प्रमुराम नेताम तथा साइबर सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








