ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोण्डागांव, सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सोमवार को कोंडागांव जिले के ग्राम बड़े कनेरा में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया, हितग्राहियों से संवाद किया और शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने 152 करोड़ 18 लाख 84 हजार रुपये की लागत वाले 43 विकास एवं अधोसंरचना कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर जिले को बड़ी सौगात दी।
भीषण गर्मी में उमड़ा जनसैलाब
मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 44 से 45 डिग्री तापमान के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि जनता का सरकार पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का यह विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।
जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा नहीं, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना है। उन्होंने बताया कि 1 मई से शुरू हुआ सुशासन तिहार 10 जून तक चलेगा और प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
152 करोड़ रुपये के 43 विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में 96 करोड़ 30 लाख 63 हजार रुपये की लागत के 14 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 55 करोड़ 88 लाख 21 हजार रुपये की लागत के 29 नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इन परियोजनाओं से सड़क, सिंचाई, अधोसंरचना और ग्रामीण सुविधाओं का विस्तार होगा।
बड़े कनेरा को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने नारंगी नदी स्थित स्टॉप डेम सह पुलिया के जीर्णोद्धार के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा केशकाल-बांसकोट-माकड़ी-एरला मार्ग के 53 किलोमीटर लंबे मार्ग के मजबूतीकरण कार्य को मंजूरी दी गई।
उन्होंने बड़े कनेरा से बड़ेबेंद्री, बाईकापदर और चिपावंड तक 12 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा बड़े कनेरा से नवागुड़ा तक 5 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य की भी घोषणा की।
पर्यटन, व्यापार और सामाजिक भवनों को मिलेगा बढ़ावा
क्षेत्र में स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए बड़े कनेरा में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। वहीं कोसारटेडा में पर्यटन विकास कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्रामपुरी में गोंडवाना भवन और केशकाल में सर्व आदिवासी समाज भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही बड़े कनेरा के प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार का भी ऐलान किया।
बड़े कनेरा बना जागरूकता और नवाचार का मॉडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े कनेरा एक जागरूक गांव के रूप में उभरकर सामने आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही चमन लाल और पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थी आनंद कुमार पवार से मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि गांव के लोग योजनाओं का बेहतर लाभ लेकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से बने पक्के मकान में पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाए गए हैं, जिससे परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है।
मोदी की गारंटी के अधिकांश वादे हुए पूरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए अधिकांश वादों को ढाई वर्षों के भीतर पूरा कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है और प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है।
किसानों और महिलाओं के लिए सरकार की विशेष पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जा रहा है और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। साथ ही दो वर्षों का लंबित बोनस भी दिया गया है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता राशि मिल रही है। सरकार ने 10 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है।
तेंदूपत्ता संग्राहकों को बढ़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण दर को 4000 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। साथ ही संग्राहकों के बच्चों को छात्रवृत्ति और प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।
अटल डिजिटल सुविधा केंद्र से गांवों में मिल रहीं 400 से अधिक सेवाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं के लिए शहरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से 400 से अधिक सेवाएं गांव स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इन केंद्रों में बैंकिंग सेवाएं, प्रमाण पत्र, भुगतान सेवाएं तथा विभिन्न योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं।
जून से शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जून माह से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। इसके माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे और निर्धारित समय-सीमा में उनका समाधान किया जाएगा।
बिजली बिल राहत और हर घर सोलर का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए बताया कि प्रदेश में लगभग 757 करोड़ रुपये की राहत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अब हर घर सोलर लगाने के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रही है, ताकि लोग ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, विशेष सचिव एवं जनसंपर्क आयुक्त श्री रजत बंसल, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








