Buy Advt. Space

भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान संपन्न, संगठन सशक्तिकरण पर रहा फोकस

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोण्डागांव ,भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दो दिवसीय दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। जिला मुख्यालय के रायपुर नाका स्थित आहूजा पैलेस हॉल में आयोजित इस जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा डिजिटल युग में राजनीतिक संवाद की नई तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।

संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण पर विशेष जोर

भाजपा जिला अध्यक्ष सेवकराम नेताम के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया संचालन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।

प्रदेश और क्षेत्रीय नेतृत्व ने किया मार्गदर्शन

समापन अवसर पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला और संगठन को अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ : पवन साय

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क, सेवा और समर्पण की भावना के साथ कार्य करते हुए सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, पूर्व जिला अध्यक्ष दीपेश अरोरा सहित जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने प्रशिक्षण वर्ग को संगठन की मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यकर्ताओं में दिखा नया उत्साह

नेताओं ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं के नेतृत्व कौशल, संगठनात्मक क्षमता और जनसंपर्क दक्षता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण वर्ग के समापन के साथ ही कार्यकर्ताओं में नए उत्साह, ऊर्जा और संगठन के प्रति समर्पण की भावना देखने को मिली।

Leave a Comment