ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार की गई।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल श्री अरूण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में केशकाल पुलिस टीम 28 मई 2026 को कस्बा पेट्रोलिंग एवं जुर्म-जरायम पतासाजी पर निकली हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बटराली एनएच-30 मेन रोड से एक व्यक्ति प्लास्टिक के थैले में अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से सिंगनपुर की ओर जा रहा है।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवलाल नेताम पिता सुकालूराम नेताम उम्र 43 वर्ष निवासी बहीगांव कोनाडीपारा थाना केशकाल जिला कोण्डागांव बताया।
थैले से मिली देशी, अंग्रेजी शराब और बीयर
पुलिस द्वारा प्लास्टिक के थैले की तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न प्रकार की शराब बरामद हुई। जब्त सामग्री में 11 नग प्लेन मदिरा पौवा (प्रत्येक 180 एमएल), 09 नग फ्रंट लाइन पौवा तथा 17 नग सिम्बा बीयर शामिल है। कुल 14.650 लीटर शराब कीमती लगभग 8,330 रुपये बरामद की गई।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी द्वारा अवैध रूप से शराब बिक्री करना पाए जाने पर उसके खिलाफ थाना केशकाल में अपराध क्रमांक 89/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक हेमन्त देवांगन, आरक्षक लिलेश्वर ध्रुव, अमित मण्डावी, मनोहर निषाद, गिरजु मरकाम, मानिक मरापी, अरूण मण्डावी एवं डमरू बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








