Buy Advt. Space

कोंडागांव में प्याऊ व्यवस्था नहीं, लोग खरीद रहे महंगा बोतलबंद पानी

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोंडागांव,नगर पालिका क्षेत्र में प्याऊ की व्यवस्था नहीं होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस शहर अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन ने नगर पालिका प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद शहर में कहीं भी प्याऊ की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है।

बाजार आने वाले ग्रामीण हो रहे परेशान

नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि साप्ताहिक बाजार में दूर-दराज के गांवों से आने वाले सब्जी विक्रेताओं और ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। मजबूरी में लोगों को महंगी बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में नगर पालिका प्रशासन एक टैंकर तक की व्यवस्था नहीं कर पा रहा है।

“क्या यही है सुशासन?” – नरेन्द्र देवांगन

कांग्रेस नेता ने शासन-प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि बड़ी-बड़ी घोषणाएं तो की जाती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। आमजन को तपती धूप में प्यास बुझाने के लिए पैसे खर्च कर पानी खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यही सुशासन है?

मुख्य चौक-चौराहों पर प्याऊ लगाने की मांग

नरेन्द्र देवांगन ने मांग की कि नगर पालिका प्रशासन तत्काल शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर प्याऊ की व्यवस्था करे। साथ ही साप्ताहिक बाजार के दिन बाजार परिसर में पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएं ताकि ग्रामीणों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

बढ़ते तापमान के बीच बढ़ी चिंता

उन्होंने कहा कि कोंडागांव का तापमान पहली बार 42 से 43 डिग्री तक पहुंच रहा है। ऐसे में आमजन को पेयजल सुविधा उपलब्ध नहीं करा पाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यह कदम जनहित में आवश्यक है।

Leave a Comment