ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव में खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 25 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को चौपाटी स्थित आदिवासी विश्रामगृह में समापन हुआ। 1 मई से 25 मई तक चले इस शिविर में जिले के 537 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विभिन्न खेलों का मिला प्रशिक्षण
शिविर में सीनियर एवं जूनियर वर्ग के प्रतिभागियों को फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, जूडो, कराते, तीरंदाजी, स्वीमिंग, कैरम और शतरंज जैसे खेलों का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया। बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार रचनात्मक गतिविधियों से भी जोड़ा गया।
“कबाड़ से जुगाड़” ने खींचा सबका ध्यान
समापन समारोह में बच्चों ने “कबाड़ से जुगाड़” थीम पर आधारित नवाचार प्रस्तुत किए। डीसी मोटर की कार्यप्रणाली, होलोग्राम, पेरिस्कोप, चित्रकला, मेहंदी, टेराकोटा उत्पाद निर्माण, गीत-संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को प्रभावित किया।
कलेक्टर ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर बच्चों की प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट मंच है। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जूडो, कराते, तीरंदाजी और टेराकोटा जैसी विधाओं का प्रशिक्षण लेने वाले बच्चे भविष्य में जिले का नाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रहने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों ने खेल गतिविधियों को बताया जरूरी
नगरपालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। खेलों से बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर होता है और उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक आज पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।
वहीं नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री जकसेतु उसेंडी ने कहा कि पढ़ाई के साथ बच्चों को खेल और अन्य गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि शिविर में मिला प्रशिक्षण बच्चों के भविष्य में सकारात्मक परिणाम देगा।
प्रतिभागियों और प्रशिक्षकों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान प्रतिभागी बच्चों एवं प्रशिक्षकों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रश्मि पोया सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








