ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। आगामी मानसून-2026 को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ एवं अतिवृष्टि जैसी संभावित आपदाओं से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिला कार्यालय कोण्डागांव में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
कक्ष क्रमांक-38 में संचालित होगा नियंत्रण कक्ष
छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर के निर्देशानुसार जिला कार्यालय कोण्डागांव के कक्ष क्रमांक-38 में मानसून अवधि तक बाढ़ नियंत्रण कक्ष संचालित किया जाएगा।
नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 07786-242768 निर्धारित किया गया है, जिस पर बाढ़, अतिवृष्टि अथवा आपदा संबंधी सूचना दी जा सकेगी।
राहत एवं बचाव कार्यों पर रहेगा विशेष फोकस
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार राहत शाखा प्रभारी श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, अपर कलेक्टर को बाढ़ नियंत्रण कक्ष का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं सुश्री सुषमा मण्डावी, अधीक्षक भू-अभिलेख शाखा को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
मानसून के दौरान त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी
प्रशासन द्वारा स्थापित इस नियंत्रण कक्ष का उद्देश्य मानसून के दौरान बाढ़ एवं अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं सहायता उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।








