ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोण्डागांव जिले में सामने आए 1 करोड़ 53 लाख रुपए के कथित धान खरीदी घोटाले को लेकर कांग्रेस ने प्रेस वार्ता आयोजित कर भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। पूर्व मंत्री ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
“राजनीतिक संरक्षण के बिना इतना बड़ा घोटाला संभव नहीं”
प्रेस वार्ता में मोहन मरकाम ने कहा कि मुलमुला धान खरीदी केंद्र, जहां क्षेत्रीय विधायक ने स्वयं धान खरीदी की शुरुआत की थी, वहीं से डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का धान गायब होना बेहद गंभीर मामला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शासन, प्रशासन और राजनीतिक संरक्षण के बिना इतना बड़ा घोटाला संभव नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि मामला सामने आने के 10 दिन बाद भी न कोई बड़ी कार्रवाई हुई है और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी की गिरफ्तारी हुई है।
धान उठाव के आंकड़ों पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने जिले के 67 धान उपार्जन केंद्रों की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि रिकॉर्ड में लगभग 96 प्रतिशत धान उठाव दिखाया जा रहा है, जबकि कई केंद्रों में अब भी धान पड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि जिले में 32 लाख 35 हजार 628 क्विंटल धान खरीदी हुई, जिसमें 31 लाख 27 हजार 833 क्विंटल उठाव का दावा किया गया है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि उठाव हो चुका है तो खरीदी केंद्रों और संग्रहण केंद्रों में धान अब तक क्यों मौजूद है।
कांग्रेस ने इसे बड़े स्तर के भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितता का संकेत बताया।
कांग्रेस ने न्यायिक जांच की उठाई मांग
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों की निष्पक्ष और बारीकी से जांच कराने की मांग की। पार्टी ने पूरे मामले की न्यायिक जांच, दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने और शेष धान का तत्काल उठाव सुनिश्चित करने की मांग रखी।
मोहन मरकाम ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता हर धान खरीदी केंद्र तक पहुंचकर जांच करेंगे और किसानों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी।
“किसानों के मुद्दे पर राजनीति कर रही भाजपा सरकार”
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों के नाम पर केवल राजनीति कर रही है, जबकि कांग्रेस किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
प्रेस वार्ता में कई कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री रितेश पटेल, जिला उपाध्यक्ष तरुण गोलछा, प्रदेश सचिव सकुर खान, ब्लॉक अध्यक्ष संजय करन, देवेंद्र कोर्राम, शहर अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, ब्रिज सोढ़ी, जनपद सदस्य जयराम मरकाम, मंडल अध्यक्ष सहदेव पोयाम सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।








