ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को मर्दापाल में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 50 जोड़े पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विवाह बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।
जनप्रतिनिधियों ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद
कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया और उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की कामना की।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने सरकार प्रतिबद्ध
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सरकार बेटियों और महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना एवं लखपति दीदी जैसी योजनाओं से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
क्षेत्र में शांति और विकास का माहौल
वन मंत्री ने कहा कि माओवाद समाप्त होने के बाद क्षेत्र में शांति और विकास का वातावरण बना है। उन्होंने समाज में एकता और खुशहाली के साथ जीवनयापन करने का संदेश भी दिया।
नवदंपत्तियों को मिला प्रमाण पत्र और सहायता राशि
कार्यक्रम के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को 35-35 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
बाल विवाह रोकथाम की दिलाई गई शपथ
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को बाल विवाह रोकथाम हेतु शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप, जनपद सदस्य श्री रूद्रप्रताप, सरपंच श्रीमती जयंती कश्यप सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








