ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आमजन को जनगणना के महत्व एवं उसकी प्रक्रिया से अवगत कराने के लिए एलईडी वैन एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
विभिन्न क्षेत्रों में पहुंच रही जागरूकता टीम
राज्य कार्यालय से आई एलईडी वैन और लोक कलाकारों की टीम जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को जनगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दे रही है। इस दौरान वीडियो, ऑडियो एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को जनगणना के उद्देश्य और उसकी उपयोगिता के बारे में समझाया जा रहा है।
सही जानकारी देने की अपील
रविवार को एलईडी वैन के माध्यम से कोण्डागांव शहरी क्षेत्र, बाजार स्थल, मर्दापाल एवं बड़े डोंगर में जनगणना को लेकर प्रचार-प्रसार किया गया। अधिकारियों एवं कलाकारों ने आमजन से अपील की कि वे जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं।
सटीक आंकड़ों से विकास योजनाओं को मिलेगा बल
अभियान के दौरान बताया गया कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त सटीक आंकड़ों के आधार पर शासन द्वारा विकास योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा। प्रशासन द्वारा जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।








