ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव, 01 मई 2026। कोण्डागांव पुलिस ने लड़कियों से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
शादी समारोह में हुई थी घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 की रात ग्राम जैतपुरी में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान कुछ युवक डीजे में डांस कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने वहां मौजूद पीड़िता एवं अन्य लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर मारपीट भी की।
थाने में दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद 29 अप्रैल को पीड़िता द्वारा थाना कोण्डागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 129/2026 के तहत बीएनएस की धारा 74 और 115(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमल के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपील चन्द्रा एवं एसडीओपी श्री सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला अपराध
जांच के दौरान आरोपियों को तलब कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने बबलु मरकाम (20 वर्ष), अनिल यादव (18 वर्ष 4 माह), विरेन्द्र मानिकपुरी (21 वर्ष), महेश कुलदीप (21 वर्ष) और अमित दास यादव (19 वर्ष), सभी निवासी ग्राम जैतपुरी पटेलपारा, थाना एवं जिला कोण्डागांव को गिरफ्तार किया है।
टीम का रहा विशेष योगदान
पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक अखिलेश धीवर, सहायक उप निरीक्षक शांति यादव सहित थाना व साइबर सेल के अन्य पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा।








