Buy Advt. Space

इनोवेशन महाकुंभ से युवाओं को मिलेगा स्टार्टअप और नवाचार मंच

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । बस्तर क्षेत्र के युवाओं को नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर द्वारा “इनोवेशन महाकुंभ 1.0” का आयोजन किया जा रहा है।

युवाओं को मिलेगा नवाचार का मंच
इस महाकुंभ का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं में नवाचार, उद्यमिता और तकनीकी समाधान आधारित सोच को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में छात्र, युवा नवप्रवर्तक, स्थानीय इनोवेटर्स और उभरते उद्यमियों को अपने विचार साझा करने और विकसित करने का अवसर मिलेगा।

ग्रामीण और आदिवासी युवाओं पर विशेष फोकस
यह आयोजन विशेष रूप से आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार सृजनकर्ता और परिवर्तन के वाहक बनने के लिए प्रेरित करेगा, जिससे वे अपने क्षेत्र के विकास में योगदान दे सकें।

विभिन्न गतिविधियों से मिलेगा मार्गदर्शन
जिला कौशल विकास प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में प्री-इन्क्यूबेशन कार्यशालाएं, स्टार्टअप मास्टरक्लास, पिचिंग सत्र, विशेषज्ञों के साथ पैनल चर्चा और मेंटरिंग जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। इससे प्रतिभागियों को अपने विचारों को व्यवहारिक रूप देने में मदद मिलेगी।

स्टार्टअप इकोसिस्टम को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बस्तर में मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार करना है। साथ ही स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों को बढ़ावा देना, उत्पादों का मूल्य संवर्धन और बाजार विस्तार भी इसके प्रमुख लक्ष्य हैं।

04-05 मई को होगा आयोजन
इनोवेशन महाकुंभ 1.0 का आयोजन 04 और 05 मई 2026 को शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर (जगदलपुर) में किया जाएगा। इच्छुक युवा क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। प्रतिभागियों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था भी विश्वविद्यालय द्वारा की जाएगी।

संपर्क कर प्राप्त करें जानकारी
अधिक जानकारी के लिए डॉ. तुलिका शर्मा (नोडल अधिकारी) मोबाइल नंबर 9425261017 और कोंडागांव जिले के लिए श्री किशोर शर्मा (नोडल अधिकारी) मोबाइल नंबर 9340602771 पर संपर्क किया जा सकता है। युवाओं से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द पंजीयन कर इस अवसर का लाभ उठाएं।

Leave a Comment