Buy Advt. Space

स्वस्थ बस्तर अभियान प्रगति समीक्षा, कलेक्टर ने दिए निर्देश

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव ।  मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान ‘मावा बस्तर, मावा स्वास्थ्य’ की प्रगति की समीक्षा हेतु कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, योजनाओं की प्रगति एवं सुधारात्मक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

घर-घर सर्वे और डेटा अपलोड पर जोर

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि घर-घर सर्वे कार्य को गंभीरता से किया जाए और प्राप्त जानकारी को पोर्टल में शुद्ध एवं समय पर अपलोड किया जाए। उन्होंने कहा कि सही डेटा से ही योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है।

गर्भवती महिलाओं की निगरानी पर विशेष ध्यान

बैठक में हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि प्रथम तिमाही में ही पंजीयन सुनिश्चित करने से अपेक्षित डिलीवरी तिथि (EDD) का सही आकलन संभव होगा और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिलेगा।

संस्थागत प्रसव को बढ़ावा, होम डिलीवरी पर रोक

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होम डिलीवरी को पूर्णतः रोका जाए और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।

टीकाकरण और U-WIN पोर्टल की मॉनिटरिंग

बैठक में टीकाकरण से संबंधित सभी जानकारी को U-WIN पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश दिए गए, ताकि टीकाकरण की सही निगरानी और मूल्यांकन किया जा सके।

टीबी और कुष्ठ मरीजों के उपचार पर फोकस

कलेक्टर ने टीबी मरीजों के उपचार के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और सभी जानकारी पोर्टल में दर्ज करने पर जोर दिया। साथ ही कुष्ठ (लेप्रोसी) मरीजों को समय पर रेफर करने और उनका नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति

बैठक में अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक भावना महलवार सहित ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, कार्यक्रम प्रबंधक, सेक्टर प्रभारी, सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment