खैरागढ़। ग्राम मुढ़ीपार में मंगलवार रात करीब 8:30 बजे बारात के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच चाकूबाजी हो गई। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। मामला गातापार थाना क्षेत्र का है।
बारात के दौरान भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, ढारा गांव से मुढ़ीपार में बारात आई थी। इसी दौरान बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच मामूली विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
चार लोग गंभीर रूप से घायल
इस खूनी झड़प में चार लोग घायल हो गए। घायलों में राधेलाल वर्मा (24 वर्ष), कमलेश (दोनों ढारा), गुलशन और पूनम (दोनों मुढ़ीपार) शामिल हैं।
एक को जिला अस्पताल रेफर
घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे राजनांदगांव जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य तीन का मुढ़ीपार स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को उपचार के लिए भेजा और घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में बारात के दौरान इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं।







