Buy Advt. Space

कृषि आदानों की कालाबाजारी पर कार्रवाई, उर्वरक जब्त किया गया

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव, 19 अप्रैल 2026। जिले में किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक उचित दर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि श्री कैलाश मरकाम के नेतृत्व में यह अभियान संचालित हो रहा है।

अनियमितताओं पर जारी किया कारण बताओ नोटिस

इसी क्रम में आदिम जाति सहकारी समिति मर्यादित सोनाबाल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं।
समिति में एक ही पीओएस मशीन से विक्रय किया जा रहा था तथा उर्वरक वितरण में भी भिन्नता पाई गई। इसके अलावा मूल्य सूची का प्रदर्शन नहीं किया गया था, स्कंध पंजी का संधारण नहीं हो रहा था और आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई।

इन अनियमितताओं के संबंध में संबंधित संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

अवैध भंडारण पर बड़ी कार्रवाई

विकासखंड बड़ेराजपुर अंतर्गत साधु कृषि सेवा केंद्र, गम्हरी का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान 1060 बैग यूरिया का अवैध भंडारण पाया गया।
इस पर उर्वरक नियंत्रण आदेश (एफसीओ-1985) के तहत कार्रवाई करते हुए उर्वरक को जब्त कर संस्था को सुपुर्दगी में दिया गया है।

प्राधिकार पत्र निरस्तीकरण की कार्रवाई

जांच में यह भी पाया गया कि संस्था द्वारा उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है। इस पर कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है तथा प्राधिकार पत्र निरस्त करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई है। प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

अधिकारी टीम का रहा योगदान

इस कार्रवाई में उप संचालक कृषि श्री कैलाश नाथ मरकाम, उर्वरक निरीक्षक श्री शशिकांत नाग एवं श्री विश्वनाथ मरकाम सहित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की टीम का विशेष योगदान रहा।

Leave a Comment