ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2026 को लेकर कोंडागांव में व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित एवं वनमंडल कोंडागांव द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कलेक्टर ने दिए गुणवत्ता और अधिक संग्रहण के निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तेंदूपत्ता संग्रहण को अधिकाधिक और गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यह ग्रामीणों की आय का प्रमुख स्रोत है, इसलिए संग्राहकों को अधिक लाभ दिलाने हेतु प्रभावी योजना के साथ कार्य करना आवश्यक है।
संग्राहकों के लिए लक्ष्य निर्धारित
कलेक्टर ने प्रति संग्राहक न्यूनतम 500 गड्डी गुणवत्ता युक्त तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही बीमा एवं छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
19,200 मानक बोरा का रखा गया लक्ष्य
वनमंडलाधिकारी श्री चूड़ामणि सिंह ने जानकारी दी कि जिले की 13 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के 245 संग्रहण केंद्रों में 19,200 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य तय किया गया है।
25 अप्रैल से शुरू होगी खरीदी
संग्राहकों को इस वर्ष 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से भुगतान किया जाएगा। मौसम और पत्तों की गुणवत्ता को देखते हुए 25 अप्रैल 2026 से तेंदूपत्ता खरीदी शुरू होने की संभावना है।
31 हजार परिवार जुड़े संग्रहण कार्य से
वनमंडल क्षेत्र में लगभग 31 हजार संग्रहक परिवार तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़े हुए हैं। इन परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
700 कर्मचारियों की टीम तैनात
संग्रहण, प्रसंस्करण और भंडारण कार्य के लिए लगभग 700 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम लगाई गई है। इसमें गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी, जोनल अधिकारी, प्रबंधक, फड़ अभिरक्षक और अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
कार्यशाला में दिया गया प्रशिक्षण
संयुक्त वनमंडलाधिकारी श्री आशीष कुमार कोटिवार ने पीपीटी के माध्यम से कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। इस कार्यशाला में लगभग 350 अधिकारियों-कर्मचारियों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।








