Buy Advt. Space

कोंडागांव में पढ़ई तिहार, अंगना में शिक्षा अभियान को मिला जनसमर्थन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले में ‘अंगना में शिक्षा’ अभियान के अंतर्गत शनिवार को सभी प्राथमिक शालाओं में ‘पढ़ई तिहार’ का व्यापक आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन एवं जिला शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

1252 स्कूलों में आयोजन, हजारों की भागीदारी

शिक्षा विभाग के अनुसार जिले के पांचों विकासखंड—कोंडागांव, माकड़ी, फरसगांव, बड़ेराजपुर एवं केशकाल की कुल 1252 प्राथमिक शालाओं में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें 48,372 छात्र-छात्राएं, 2,754 शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया। पूरे जिले में शिक्षा को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

क्या है ‘अंगना में शिक्षा’ पहल

‘अंगना में शिक्षा’ एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य बच्चों को घर और आंगन के वातावरण में सरल, सहज और आनंददायक तरीके से शिक्षा देना है। इस अभियान में विशेष रूप से माताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाती है, जिससे बच्चों की बुनियादी साक्षरता और गणनात्मक कौशल (एफएलएन) को मजबूती मिलती है।

पढ़ई तिहार’ से बढ़ी जागरूकता

‘पढ़ई तिहार’ के दौरान बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों और नवाचारों का प्रदर्शन किया गया। इससे समुदाय में शिक्षा के महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ी और अभिभावकों की सहभागिता मजबूत हुई।

सतत मॉनिटरिंग और ऑनलाइन एंट्री

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों, समन्वयकों तथा डीआरजी एवं बीआरजी टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण किया गया। साथ ही राज्य स्तर से प्राप्त लिंक के माध्यम से ऑनलाइन एंट्री भी सुनिश्चित की गई।

इस वर्ष किए गए प्रमुख बदलाव

इस बार बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए ‘पढ़ई तिहार’ की तिथि 25 अप्रैल के स्थान पर 11 अप्रैल निर्धारित की गई। समर कैंप अब स्कूलों के बजाय घरों में आयोजित किए जाएंगे, जिसमें माताओं की भूमिका अहम होगी।

समर कैंप के मुख्य बिंदु

समर कैंप के तहत तीन प्रमुख गतिविधियों पर ध्यान दिया जाएगा—

  • घर में ब्लैकबोर्ड कॉर्नर बनाकर बच्चों को नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित करना
  • अनुशासन और स्वच्छता के लिए यूनिफार्म के महत्व पर जोर
  • गर्मी से बचाव हेतु ओआरएस, नारियल पानी, नींबू पानी एवं नियमित जल सेवन की आदत विकसित करना

‘स्मार्ट माता’ निभाएंगी अहम भूमिका

समर कैंप के संचालन की जिम्मेदारी ‘स्मार्ट माता’ को सौंपी गई है, जो घर पर ही बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन करेंगी। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी समग्र शिक्षा के पेडागॉजी प्रभारी द्वारा साझा की गई।

Leave a Comment